मुरादाबाद।साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को मुरादाबाद के पंचायत भवन सभागार में साइबर सुरक्षा कार्यशाला एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के प्रख्यात साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट डॉ. रक्षित टंडन ने डिजिटल दुनिया में बढ़ते साइबर अपराधों और उनसे बचाव के प्रभावी तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस उपमहानिरीक्षक परिक्षेत्र जी मुनिराज एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह सहित जिले के अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

साइबर ठगी के नए-नए तरीके बताए
कार्यशाला के दौरान डॉ. रक्षित टंडन ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फिशिंग, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के तरीकों को उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने बताया कि थोड़ी सी लापरवाही किस तरह बड़े आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है।

डॉ. टंडन ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर क्लिक न करें और अपनी निजी जानकारी, ओटीपी, बैंक डिटेल्स किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने यह भी बताया कि साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराना आवश्यक है।

पुलिस अधिकारियों ने भी किया संबोधन
उपस्थित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराध के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है, लेकिन जागरूकता के माध्यम से इन पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे साइबर अपराधों से संबंधित जानकारी न केवल स्वयं अपनाएं, बल्कि अपने परिवारजनों, बच्चों, बुजुर्गों एवं समाज के अन्य लोगों तक भी अवश्य पहुंचाएं।

जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों से आह्वान किया गया कि वे डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग सावधानीपूर्वक करें और साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहें। अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराध के विरुद्ध लड़ाई में पुलिस और आम जनता की साझेदारी बेहद जरूरी है।

साइबर कार्यशाला में डीआईजी परिक्षेत्र जी मुनिराज, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार, एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह सहित जनपद के सभी सर्किल अधिकारी और विभिन्न स्थानों के इंस्पेक्टर सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को उपस्थित श्रोताओं ने अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया।
