मुरादाबाद। थाना भोजपुर क्षेत्र के ग्राम खानपुर में नाबालिग किशोरी के अपहरण व दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने दंपति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता की मां सुनीता पत्नी धर्मवीर, निवासी ग्राम खानपुर, कस्बा भोजपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 22 जनवरी की रात करीब 2:30 बजे, वह अपने परिजनों के साथ घर में सो रही थीं। बरामदे में उनकी 17 वर्षीय बेटी भी सो रही थी। इसी दौरान पड़ोसी युवक प्रीतम कुमार उर्फ विशाल पुत्र भूप सिंह दीवार कूदकर घर में घुस आया और किशोरी का मुंह दबाकर जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन उसे अपने घर ले गया।

आरोप है कि आरोपी ने किशोरी को कमरे में बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। शनिवार सुबह करीब छह बजे जब परिजनों की नींद खुली तो किशोरी घर से गायब मिली। पूछताछ करने पर ग्रामीणों ने बताया कि किशोरी को भूप सिंह का बेटा अपने घर में रखे हुए है। जब पीड़िता की मां अपने परिवार के साथ बेटी को लेने आरोपी के घर पहुंची तो विशाल, उसके पिता भूप सिंह, मां मीरा तथा भाई प्रीतम सिंह ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
चार के खिलाफ मुकदमा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0 0026/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 351(3), 87, 64(1), 127(2) व 352 में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रीतम कुमार उर्फ विशाल (उम्र लगभग 24 वर्ष) को 27 जनवरी 2026 को सुबह 7:40 बजे गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी उप निरीक्षक विपिन कुमार, हेड कांस्टेबल अनूप कुमार व कांस्टेबल पतराम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। फिलहाल मामले में किसी प्रकार की बरामदगी नहीं हुई है।
जांच जारी
प्रभारी निरीक्षक भोजपुर ने बताया कि पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है तथा बयान दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है@ZAFAR-INN
