मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने रामगंगा विहार फेस-2 से चोरी हुई हंडई क्रेटा कार बरामद कर एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी की कार, नकदी, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और फर्जी नंबर प्लेटें बरामद हुई हैं।
पुलिस के अनुसार 21 जनवरी 2026 को रामगंगा विहार फेस-2 स्थित मकान नंबर A-8 के बाहर से वाहन स्वामी मनोज कपूर की क्रेटा कार (UK 18 N 4415) चोरी हो गई थी, जिस पर थाना सिविल लाइंस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
27 जनवरी को गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर दो संदिग्ध वेव सिनेमा के पीछे घूम रहे हैं। घेराबंदी के दौरान इंस्पेक्टर सिविल लाइंस मनीष सक्सेना के नेतृत्व में पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, जिस पर चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी फरार हो गया।
गिरफ्तार अभियुक्त इस्लामुद्दीन निवासी लोनी, गाजियाबाद है। उसके कब्जे से असली नंबर प्लेट, दो फर्जी नंबर प्लेटें, 1100 रुपये नकद और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने फरार साथी अजय उर्फ सोनू निवासी बावली, थाना बड़ौत, जनपद बागपत के साथ इसका चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी पर दिल्ली के विभिन्न थानों में वाहन चोरी से जुड़े करीब 11 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। फरार आरोपी अजय उर्फ सोनू की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए इसे वाहन चोरी पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम सफलता बताया है।
