प्रदेश में यूजीसी द्वारा लागू किए गए नए नियमों के खिलाफ विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। बीते तीन दिनों से विभिन्न संगठनों, सामाजिक वर्गों और राजनीतिक हलकों में नाराज़गी खुलकर सामने आ रही है। इस दौरान 30 से अधिक भाजपा नेताओं द्वारा इस्तीफा दिए जाने की भी चर्चा है, जिससे सियासी हलकों में हलचल मची हुई है।

बुधवार को वाराणसी पहुंचे भाजपा विधायक अवधेश सिंह प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों के सवालों के घेरे में आ गए। यूजीसी के नए प्रावधानों को लेकर पूछे गए सवालों पर विधायक स्पष्ट जवाब नहीं दे सके और असहज स्थिति में प्रेस वार्ता बीच में ही छोड़कर चले गए। इस घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

विरोध प्रदर्शन के दौरान अलग-अलग स्थानों पर अनोखे तरीके अपनाए गए। कहीं प्रदर्शनकारियों ने कफन पहनकर विरोध जताया तो कहीं सिर मुंडवाकर आक्रोश दर्ज कराया गया। कवि कुमार विश्वास, फिल्म अभिनेत्री अनामिका अंबर, हर्ष छिछिया सहित कई चर्चित हस्तियों ने भी यूजीसी के नए नियमों पर आपत्ति दर्ज कराई है।

इसके साथ ही अनेक धर्मगुरुओं और सामाजिक संगठनों ने भी इन नियमों को लेकर असहमति प्रकट की है।

इसी कड़ी में मुरादाबाद में भी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। सिविल लाइंस स्थित अंबेडकर पार्क में एकत्रित हुए सवर्ण समाज के विभिन्न संगठनों ने जुलूस निकालते हुए जिला अधिकारी कार्यालय तक मार्च किया।

प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिला अधिकारी को सौंपकर नियमों को वापस लेने की मांग की।

प्रदेशभर में जारी यह विरोध अब लगातार व्यापक रूप लेता जा रहा है और आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
