पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच 14 साल बाद एक बार फिर हवाई संपर्क बहाल हो गया है। लंबे अंतराल के बाद बांग्लादेश से पहली सीधी फ्लाइट पाकिस्तान के कराची पहुंची, जिससे दोनों देशों के बीच आसमान के रास्ते रिश्तों में नई शुरुआत मानी जा रही है।
बांग्लादेश की राष्ट्रीय एयरलाइन बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की फ्लाइट ढाका से उड़ान भरकर कराची के जिन्ना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरी। यह फ्लाइट जैसे ही कराची पहुंची, एयरपोर्ट पर पारंपरिक वॉटर सैल्यूट के साथ उसका स्वागत किया गया।
जानकारी के मुताबिक, यह सीधी उड़ान सेवा फिलहाल ट्रायल बेसिस पर शुरू की गई है। शुरुआत में सप्ताह में दो दिन उड़ानें संचालित की जाएंगी। इससे पहले यात्रियों को दुबई या अन्य खाड़ी देशों के रास्ते सफर करना पड़ता था, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ जाते थे।
दोनों देशों के बीच सीधी उड़ान सेवा बंद होने की वजह राजनीतिक तनाव और कूटनीतिक दूरी मानी जाती रही है। अब इस सेवा के बहाल होने को पाकिस्तान और बांग्लादेश के रिश्तों में नरमी और सकारात्मक बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि सीधी फ्लाइट शुरू होने से व्यापार, पर्यटन और लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, यह कदम दक्षिण एशिया में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
