महौबा। जिले में शुक्रवार को सत्तारूढ़ भाजपा के भीतर ही असहज स्थिति देखने को मिली, जब पार्टी विधायक बृजभूषण राजपूत ने कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला बीच रास्ते में रुकवा दिया। मंत्री एक सरकारी कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी सड़क पर अचानक राजनीतिक गर्माहट बढ़ गई।
जानकारी के अनुसार विधायक करीब 100 ग्राम प्रधानों के साथ सड़क पर उतर आए और वाहनों को खड़ा कर मंत्री के काफिले को आगे बढ़ने से रोक दिया। मामला खस्ताहाल सड़कों और पेयजल संकट से जुड़ा था, जिसे लेकर विधायक ने प्रशासन और विभागीय अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।
विधायक का कहना था कि जल जीवन मिशन के नाम पर गांवों में सड़कें खोद दी गईं, लेकिन न तो समय से मरम्मत हुई और न ही ग्रामीणों को नियमित पानी मिल पा रहा है। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मौके पर मौजूद सीओ सदर और कोतवाल के साथ विधायक समर्थकों की नोकझोंक भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए हालात तनावपूर्ण हो गए।
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विधायक की बात सुनते हुए भरोसा दिलाया कि समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं खुद 40 गांवों का दौरा करूंगा। पानी उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। यदि कहीं सड़कें खुदी पड़ी हैं और पानी नहीं पहुंच रहा है, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
