कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह रहे मुख्य अतिथि, कहा— “श्रीराम केवल आस्था नहीं, जीवन और संस्कार हैं”
मुरादाबाद। शनिवार को रेलवे हरथला कॉलोनी स्थित छोटा चौराहा, चन्द्रनगर में श्री राम मन्दिर सेवा समिति (रजि०) द्वारा श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की तृतीय वर्षगांठ के पावन अवसर पर विशाल भंडारे एवं धार्मिक आयोजन का भव्य आयोजन किया गया।

इस धार्मिक कार्यक्रम में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान वातावरण “जय श्रीराम” के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा।

श्रद्धालुओं ने श्रीराम भक्ति में लीन होकर पूजा-अर्चना की और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने रामलला के चरणों में शीश नवाकर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की तथा श्रद्धालुओं के साथ भंडारे में सहभागिता की।

इस अवसर पर विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि,
“श्रीराम केवल एक धार्मिक प्रतीक नहीं हैं, बल्कि वे हमारे जीवन के आदर्श, मर्यादा और संस्कार हैं। श्रीराम की शिक्षा हमें सत्य, त्याग और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और संस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं।”

उन्होंने श्री राम मन्दिर सेवा समिति के पदाधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि समाज को जोड़ने वाले इस प्रकार के धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी सनातन संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, श्रद्धालु, समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भंडारे की व्यवस्था, स्वच्छता और सेवा भाव की सभी ने प्रशंसा की। आयोजन शांतिपूर्ण, श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।
