मुरादाबाद। आगामी शब-ए-बारात, संत रविदास जयंती एवं महाशिवरात्रि के पर्वों को सकुशल, सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना मुगलपुरा परिसर में शांति समिति की गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी कोतवाली सुनीता दहिया एवं सिटी मजिस्ट्रेट ने की। इस दौरान थाना प्रभारी मुगलपुरा एवं थाना प्रभारी कोतवाली भी उपस्थित रहे। बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, विभिन्न धर्मगुरुओं एवं पीस कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी सुनीता दहिया ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे, आपसी सम्मान और कानून के दायरे में मनाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और कोई समस्या उत्पन्न होने पर तुरंत पुलिस-प्रशासन को सूचित करें।

सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि प्रशासन पर्वों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है। जुलूस, धार्मिक कार्यक्रमों एवं भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
गोष्ठी में मौजूद धर्मगुरुओं एवं शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और क्षेत्र में शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने का संकल्प लिया।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
