मुरादाबाद। थाना कटघर क्षेत्र में नाबालिग दलित किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना को लेकर पीड़िता की दादी की तहरीर पर विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना कटघर में मु0अ0सं0 049/2026 के तहत धारा 137(2)/70(2) बीएनएस-2023, धारा 5(g)/6 पॉक्सो एक्ट, धारा 3(2)(v) एससी/एसटी एक्ट एवं धारा 67 आईटी एक्ट में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
खेत में ले जाकर दिया वारदात को अंजाम
दिनांक 30 जनवरी 2026 को अपराह्न 4 बजे, अभियुक्तों द्वारा नाबालिग किशोरी (उम्र लगभग 17 वर्ष) को बहला-फुसलाकर थाना कटघर क्षेत्र अंतर्गत गागन का तिराहा, पंडित नगला की मलिक स्थित खेत में ले जाया गया। आरोप है कि वहां अभियुक्तों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया और मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया, जिसे बाद में वायरल कर दिया गया।
पीड़िता अनुसूचित जाति (जाटव) समुदाय से है, जिस कारण मामले में एससी/एसटी एक्ट की गंभीर धाराएं भी जोड़ी गई हैं। घटना की सूचना 03 फरवरी 2026 को शाम 6:19 बजे पुलिस को दी गई, जिसके बाद तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दो अभियुक्त गिरफ्तार, मोबाइल बरामद
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिनांक 05 फरवरी 2026 को रात्रि 11:06 बजे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया-
- शनि पुत्र जितेंद्र, उम्र 21 वर्ष, निवासी धीमरी करूला, थाना कटघर (हाल निवासी मिलक गांगन)
- मोहम्मद शमी उर्फ समीर पुत्र सालिम, उम्र 18 वर्ष, निवासी धीमरी करूला, थाना कटघर
अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास दर्ज नहीं है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप निरीक्षक विनीत कुमार, उप निरीक्षक नितिन कुमार, हेड कांस्टेबल 728 धर्मेंद्र कुमार एवं हेड कांस्टेबल 947 अजय कुमार शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। दोष सिद्ध होने पर आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
