अमरोहा। महाकुंभ मेला 2025 में अपनी निष्ठा, अनुशासन और अथक सेवा से देशभर के श्रद्धालुओं की सेवा करने वाले जनपद अमरोहा के होमगार्ड जवानों के लिए आज का दिन गर्व और सम्मान का साक्षी बना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदत्त विशेष मेडल एवं प्रशस्ति पत्र आज अमरोहा में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान वितरित किए गए।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रख्यात समाजसेवी डॉ. मोमराज सिंह गुर्जर उपस्थित रहे। उन्होंने होमगार्ड जवानों की सेवाओं की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि महाकुंभ जैसे विराट आयोजन को सफल बनाने में होमगार्ड्स की भूमिका अनुकरणीय रही है। आज प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में उनकी ईमानदारी, मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा की चर्चा हो रही है।

जिला कमांडेंट होमगार्ड्स, अमरोहा डॉ. वेदपाल सिंह चपराना ने महाकुंभ मेला 2025 के अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जनपद अमरोहा से कुल 100 होमगार्ड जवानों ने महाकुंभ में अपनी सेवाएं दीं। वहीं पूरे प्रदेश से लगभग 15,000 होमगार्ड्स की तैनाती की गई थी, जिन्होंने दिन-रात कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं को त्रिवेणी संगम में सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित स्नान कराने में अहम भूमिका निभाई।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होमगार्ड जवानों की उत्कृष्ट सेवाओं से प्रसन्न होकर उन्हें मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान करने का निर्णय लिया था। इसी क्रम में लखनऊ से प्राप्त सम्मान सामग्री का वितरण आज अमरोहा में किया गया।
डॉ. मोमराज सिंह गुर्जर ने जिला कमांडेंट डॉ. वेदपाल सिंह चपराना की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनकी ईमानदार, कर्मठ और प्रतिष्ठित छवि के कारण होमगार्ड संगठन को नई दिशा मिली है। ऐसे सक्षम अधिकारी का नेतृत्व जनपद के लिए गर्व की बात है।

कार्यक्रम की शुरुआत में जिला कमांडेंट डॉ. चपराना एवं सहायक जिला कमांडेंट राजीव चौहान ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान जिला कमांडेंट की ओर से उपस्थित होमगार्ड जवानों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।

यह सम्मान न केवल होमगार्ड जवानों की निस्वार्थ सेवा का प्रतीक है, बल्कि समाज में उनकी भूमिका को और अधिक सशक्त व प्रेरणादायी बनाता है।
