मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में तहसील कांठ के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस के दौरान आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
कार्यक्रम में विद्युत, राजस्व, साफ-सफाई, राशन सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 04 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित कराया गया।

जिलाधिकारी ने भूमि विवाद से संबंधित प्रकरणों पर कड़ा रुख अपनाते हुए तहसीलदार को निर्देश दिए कि वे स्वयं मौके पर जाकर दोनों पक्षों की उपस्थिति में विवाद का निष्पक्ष समाधान कराना सुनिश्चित करें, ताकि ऐसे मामलों में अनावश्यक देरी न हो।

विद्युत बिलों से जुड़ी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को विशेष गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी विद्युत उपभोक्ता को गलत बिल या अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना चाहिए।

वहीं राशन कार्ड से संबंधित मामलों में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पात्रता के लिए निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन किया जाए और वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं का अनिवार्य रूप से लाभ मिले।

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सतपाल अंतिल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों के शीघ्र, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का भरोसा दिलाया।
