मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी ने विकास खण्ड छजलैट स्थित कम्पोजिट विद्यालय सादकपुर खिचड़ी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कुल 105 नामांकित छात्र-छात्राओं के सापेक्ष 67 छात्र-छात्राएं उपस्थित पाए गए।
विद्यालय में निरीक्षण के समय 01 इंचार्ज अध्यापक, 06 सहायक अध्यापक एवं 01 शिक्षामित्र उपस्थित थे, जबकि एक सहायक अध्यापक आकस्मिक अवकाश पर थे।
मुख्य विकास अधिकारी ने कक्षाओं में अध्ययनरत बच्चों से उनके विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे। बच्चों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिए जाने पर उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित किया। साथ ही उन्होंने अध्यापकों को निर्देशित किया कि विद्यालय में सभी बच्चे नियमित रूप से यूनिफॉर्म में उपस्थित रहें।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में पेड़-पौधे लगाने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा छात्र उपस्थिति में वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।

विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र, जो वर्तमान में जर्जर अवस्था में पाया गया, को विद्यालय में उपलब्ध एक खाली कक्ष में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्यालय में स्थापित नक्षत्रशाला कक्ष की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सचिव को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं और बच्चों के अनुकूल वातावरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
