मणिपुर के उखरूल जिले में हिंसा भड़कने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि लिटन सारेइखोंग गांव में कुछ हथियारबंद हमलावरों ने कई घरों में आग लगा दी, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पूरे जिले में कर्फ्यू लागू कर दिया है और अफवाहों तथा संभावित हिंसा को रोकने के लिए इंटरनेट सेवाएं पांच दिनों के लिए बंद कर दी गई हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, सशस्त्र समूहों ने पहाड़ी गांव के पास हवा में कई राउंड फायरिंग की, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। डर के कारण कई लोग जरूरी सामान लेकर पड़ोसी कांगपोकपी जिले के सुरक्षित इलाकों की ओर पलायन कर गए हैं। वहीं तांगखुल गांव के कई परिवारों के भी अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सूचना मिली है।
बिगड़ती कानून-व्यवस्था को देखते हुए मणिपुर सरकार के गृह आयुक्त ने सार्वजनिक सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उखरूल जिले में तत्काल प्रभाव से इंटरनेट सेवाओं को पांच दिनों के लिए निलंबित करने का आदेश जारी किया है।
