मुरादाबाद। जनपद की दीवान शुगर मिल में सोमवार देर रात एक हृदयविदारक दुर्घटना में 32 वर्षीय श्रमिक की जान चली गई। बताया जा रहा है कि गन्ने की पुलियां मशीन में डालते समय उसका पैर फिसल गया और वह चलती चेन की चपेट में आ गया और उसका कचूमर बन गया मशीन की रफ्तार इतनी तेज थी कि श्रमिक को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने शोर मचाते हुए मशीन बंद कराने की कोशिश की। उन्होंने सुपरवाइजर, ठेकेदार और सुरक्षा कर्मियों को सूचना दी, लेकिन समय रहते चेन नहीं रोकी जा सकी। नतीजतन श्रमिक का शव तक नहीं मिल पाया और लोग उसको ढूंढते रहे।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और गांव के लोग मिल परिसर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।

मृतक की पहचान अरविंद (32 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र, निवासी मिलक गांव, उत्तमपुर बहलोलपुर, थाना मझोला के रूप में हुई है। अरविंद पिछले करीब चार महीनों से मिल में कार्यरत था। उसकी पत्नी अनीता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि हादसे के दौरान समय रहते मशीन बंद नहीं की गई, जिससे यह त्रासदी हुई।

परिवार की स्थिति अत्यंत दयनीय बताई जा रही है। अरविंद अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी अनीता के अलावा तीन छोटे बच्चे—इच्छा (6 वर्ष), कारब (5 वर्ष) और लक्षित (4 वर्ष)—और 65 वर्षीय वृद्ध मां चंदरवती हैं। पिता का पहले ही निधन हो चुका है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, श्रमिक की मौत से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
