लखनऊ। मुरादाबाद जनपद की कुंदरकी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने बुधवार को प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह तथा वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने मंत्रियों को क्षेत्र की प्रमुख आवश्यकताओं से अवगत कराते हुए पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने, स्थानीय ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण, हरित पट्टी के विस्तार और जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से जुड़े प्रस्ताव रखे। उन्होंने कहा कि कुंदरकी क्षेत्र में आधारभूत ढांचे के सशक्तिकरण के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर पर्यटन को बढ़ावा देने की व्यापक संभावनाएं हैं, जिन पर गंभीरता से कार्य किए जाने की आवश्यकता है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने क्षेत्र में पर्यटन विकास से संबंधित प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आश्वासन दिया कि शासन स्तर पर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर योजनाओं को गति दी जाएगी। वहीं वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण अभियान और स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रमों को कुंदरकी क्षेत्र में प्रभावी ढंग से लागू करने की बात कही।

बैठक के दौरान क्षेत्रीय सड़कों के सुदृढ़ीकरण, सार्वजनिक स्थलों के विकास, पार्क एवं हरित क्षेत्र बढ़ाने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई। विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और जनता से जुड़े हर मुद्दे को शासन तक मजबूती से रख रहे हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि मंत्रियों के सकारात्मक सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र सर्वांगीण विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा।
