मुरादाबाद। जनपद की सभी तहसीलों में 13 फरवरी 2026 को विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सययद माऊज़ बिन आसिम के निर्देशन में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुरादाबाद के तत्वावधान में संपन्न हुआ। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तपस्या त्रिपाठी के मार्गदर्शन में कार्यक्रमों का संचालन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत तहसील कांठ में ग्राम न्यायालय कांठ के पीठासीन अधिकारी सूर्यसेन सिंह एवं ग्राम न्यायालय बिलारी के पीठासीन अधिकारी अशोक कुमार XIV द्वारा पात्र लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को 22 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले मेगा वृहद सेवा शिविर के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें संबंधित विभागों में पंजीकरण कराकर शिविर का लाभ लेने तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर में यह भी बताया गया कि निराश्रित महिलाएं एवं वे पुरुष जिनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम है, वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क अधिवक्ता की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही लोक अदालत के माध्यम से विवादों के सरल, सुलभ एवं त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में तहसीलदार राजकुमार, ग्रामवासी, पी.एल.वी. एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
