मुरादाबाद। आगामी महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशानुसार क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा द्वारा थाना भगतपुर क्षेत्र के ग्राम नींवाड़ खास एवं वीरपुर में स्थित मंदिरों और मेले की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसरों, श्रद्धालुओं की आवाजाही के मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का गहनता से अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारी एवं आयोजकों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए।

क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट किया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। मेले में लगाए जाने वाले अस्थायी दुकानों की व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा उपायों तथा चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने स्थानीय ग्राम प्रधानों और आयोजन समिति के सदस्यों के साथ संवाद कर आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील की, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे शांति एवं सौहार्द बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

जनपद पुलिस द्वारा किए जा रहे इन व्यापक इंतजामों से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, आस्था और सुरक्षा के साथ सम्पन्न हो।
