गुजरात के अहमदाबाद में तीन स्कूलों को बम धमाके की चेतावनी वाला ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। ईमेल में दावा किया गया कि तय समय पर स्कूल परिसर को विस्फोट से उड़ाया जाएगा। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अभियान शुरू कर दिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, कई स्कूलों ने धमकी भरे मेल मिलने की जानकारी प्रशासन को दी थी। इसके बाद एहतियात के तौर पर स्कूल प्रबंधन ने बच्चों की छुट्टी कर दी और उन्हें सुरक्षित घर भेजने की व्यवस्था की गई।
सुरक्षा एजेंसियों ने डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते की मदद से स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली। फिलहाल किसी भी स्थान से संदिग्ध सामान या विस्फोटक नहीं मिला है, हालांकि जांच लगातार जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी भरा ईमेल किसने और कहां से भेजा। प्रारंभिक तौर पर विशेषज्ञ इसे फर्जी धमकी मान रहे हैं, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
