राजस्थान के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक रासायनिक फैक्ट्री में भयंकर आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां काम कर रहे मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिल पाया। यह घटना प्लॉट नंबर G1/118B पर हुई बताई जा रही है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन फैक्ट्री में मौजूद ज्वलनशील केमिकल्स के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। राहत और बचाव कार्य के दौरान मलबे से सात मजदूरों के शव बरामद किए गए हैं। प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।
प्रशासन ने बताया कि सोमवार तड़के भिवाड़ी के खुशखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी। आग की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया और तुरंत कई दमकल वाहनों को मौके के लिए रवाना किया गया। फैक्ट्री कर्मचारियों से मिली जानकारी के आधार पर भिवाड़ी, तिजारा और आसपास के क्षेत्रों से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड बुलाई गईं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
आग बुझने के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, जिसमें सात कर्मचारियों के शव बरामद किए गए। वहीं एक अन्य कर्मचारी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के वक्त फैक्ट्री में करीब 20 से 25 मजदूर काम कर रहे थे। कुछ लोग समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई मजदूर अंदर ही फंस गए और आग की चपेट में आकर अपनी जान गंवा बैठे।
