मुरादाबाद। जनपद में सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण को सुदृढ़ बनाने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल को सम्मानित किया गया। यह सम्मान सामाजिक समरसता समिति, मुरादाबाद तथा दलित एकता महासंघ भारत की ओर से एक विशेष कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में सामाजिक समरसता समिति, मुरादाबाद के अध्यक्ष आचार्य राजेश शर्मा एवं दलित एकता महासंघ भारत के अध्यक्ष अमर सिंह सागर ने संयुक्त रूप से एसएसपी को शॉल ओढ़ाकर, प्रतीक चिन्ह एवं सम्मान पत्र भेंट कर अभिनंदन किया। वक्ताओं ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के साथ-साथ विभिन्न वर्गों के बीच संवाद और विश्वास कायम करने में पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस ने संवेदनशील मामलों में संतुलित एवं त्वरित कार्रवाई कर समाज में सकारात्मक संदेश दिया है। सामुदायिक पुलिसिंग, जनसंवाद और शांति समितियों की सक्रियता से सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा मिला है। विभिन्न समुदायों के बीच तालमेल बनाए रखने और तनावपूर्ण स्थितियों को संवाद के माध्यम से सुलझाने की पहल सराहनीय रही है।
सम्मान ग्रहण करते हुए एसएसपी सतपाल अंतिल ने कहा कि सामाजिक समरसता बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने कहा कि पुलिस सदैव निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करती रहेगी तथा समाज के सभी वर्गों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।

इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, गणमान्य नागरिक एवं समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाज में एकता, भाईचारे और परस्पर सम्मान की भावना को और मजबूत करने का संकल्प भी लिया गया।
