मुरादाबाद। जनपद पुलिस परिवार ने दिवंगत मुख्य आरक्षी चन्द्रपाल सिंह को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने अन्य अधिकारियों के साथ दिवंगत के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और सलामी देकर उनके प्रति सम्मान प्रकट किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात मुरादाबाद, क्षेत्राधिकारी लाइन सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वातावरण शोकमय रहा और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने नम आंखों से अपने साथी को याद किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दिवंगत के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और कहा कि पुलिस विभाग इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम के उपरांत पुलिस सम्मान के साथ दिवंगत मुख्य आरक्षी के पार्थिव शरीर को उनके गृह जनपद भिजवाने की व्यवस्था की गई। पुलिस कर्मियों ने कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और समर्पित सेवा के लिए उन्हें याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
