मुरादाबाद। 24 फरवरी 2026 को राजकीय पॉलिटेक्निक कांठ रोड में आयोजित होने वाले वृहद रोजगार मेले की तैयारी के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
समीक्षा बैठक के दौरान सहायक निदेशक सेवायोजन ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत आयोजित होने वाले इस वृहद रोजगार मेले में 40 से अधिक निजी क्षेत्र की कंपनियों द्वारा प्रतिभाग़ किया जाएगा, जिसमें करीब 15 कंपनियां/इकाइयां जनपद मुरादाबाद की हैं। इन सभी कंपनियों द्वारा 3000 से अधिक रिक्तियां उपलब्ध कराई गई हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि स्थानीय स्तर पर इकाइयों एवं उद्योगों से समन्वय स्थापित कर रोजगार मेले में उनकी प्रतिभागिता सुनिश्चित कराई जाए ताकि जनपद में रोजगार के इच्छुक युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराया जा सकें।

उन्होंने उपायुक्त उद्योग को भी स्थानीय इकाइयों की प्रतिभागिता बढ़ाने के संबंध में समन्वय स्थापित करने के लिए निर्देशित किया।राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य एवं कौशल विकास के जिला समन्वयक के साथ-साथ राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य को भी इस वृहद रोजगार मेले में पास आउट एवं अध्यनरत अभ्यार्थियों को प्रतिभाग़ करने के लिए निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर युवाओं की कैरियर काउंसलिंग की व्यवस्था भी कराया जाए ताकि रोजगार मेले में जनपद के अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी हो। इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग श्री दीपेंद्र कुमार के साथ-साथ अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
