मुरादाबाद। जनपद के कटघर थाना क्षेत्र स्थित पीतलनगरी में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। 31 वर्षीय विवाहिता नेहा गुप्ता पत्नी विशाल गुप्ता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज में चार लाख रुपये नकद और एक कार की मांग करने, मारपीट करने, मानसिक प्रताड़ना देने तथा छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी। आरोप है कि चार लाख रुपये नकद और एक कार लाने का दबाव बनाया गया। मांग पूरी न होने पर उसके साथ आए दिन मारपीट की गई और अपमानित किया गया। पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी परेशान किया गया, जिससे उसका जीवन संकटपूर्ण हो गया।
इतना ही नहीं, पीड़िता ने परिवार के एक सदस्य पर उस पर गलत नजर रखने और छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया है। इन आरोपों के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।
पुलिस ने इस प्रकरण में पति विशाल गुप्ता, सास रविवाला गुप्ता, जेठ विभोर गुप्ता, जेठानी रश्मि गुप्ता, ननद पारुल गुप्ता, ननद दिव्या गुप्ता तथा चचिया ससुर सिमित गुप्ता सहित अन्य परिजनों को नामजद किया है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। मेडिकल परीक्षण और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं भी कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच में तेजी लाई गई है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि किसी भी प्रकार के दहेज उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।
