मुरादाबाद। बुद्ध बाजार में फुटपाथ पर कूड़ा फैलाने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। जिस कार्रवाई को नगर निगम दुकानदारों की लापरवाही बता रहा था, उसी मामले में अब निगम का ही कर्मचारी कटघरे में आ गया है।
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि एक सफाई कर्मचारी जूस की दुकान के बाहर रखे डस्टबिन से कूड़ा निकालकर उसे सड़क पर फैला देता है और मौके से चला जाता है। वीडियो वायरल होने के बाद निगम अधिकारियों ने चुप्पी साध ली है।
दरअसल, पड़ोस के एक दुकानदार की शिकायत पर जूस शॉप संचालक तलाह के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई थी। यहां तक कि पुलिस में भी शिकायत दी गई। आरोप था कि वह जानबूझकर फुटपाथ पर कूड़ा फैलाता है, ताकि नगर निगम अपना डस्टबिन वहां से हटा ले।
लेकिन जब तलाह ने अपनी दुकान का सीसीटीवी फुटेज अधिकारियों को दिखाया तो पूरा घटनाक्रम सामने आ गया। फुटेज देखने के बाद निगम अधिकारियों का रुख बदलता नजर आया।
तलाह का आरोप है कि पास की एक अन्य जूस दुकान का संचालक उसकी बढ़ती लोकप्रियता से परेशान है और उसे बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। साथ ही उस पर दुकान खाली करने का दबाव भी बनाया जा रहा है।
रामपुर निवासी तलाह ने बताया कि उसने आत्मनिर्भर योजना के तहत यह छोटा कारोबार शुरू किया था। अब वह खुद को साजिश का शिकार बता रहा है।
इस खुलासे के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।
