मुरादाबाद। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मुगलपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक युवक को करीब डेढ़ किलो से अधिक अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान मुर्सलीम उर्फ तुल्ला (28 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बरवालान इलाके का निवासी है और वर्तमान में थाना मझौला क्षेत्र के करूला जयंतीपुर में रह रहा था।
पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लगभग 1 किलो 490 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। बरामदगी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाने की विशेष टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध धंधों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
