मुरादाबाद। नारी एवं बाल उत्थान समिति, मुरादाबाद द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में “पर्यावरण एवं जल संरक्षण संवाद” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन और प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राकेश जैन (अखिल भारतीय सह संयोजक, पर्यावरण गतिविधि) ने सहभागिता की। उनके साथ पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, समाजसेवी एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि राकेश जैन ने अपने संबोधन में कहा कि जल और पर्यावरण का संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। यदि समय रहते जल बचाने और हरियाली बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने वर्षा जल संचयन, प्लास्टिक के उपयोग में कमी और अधिक से अधिक पौधारोपण का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से भी अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में जल संरक्षण के उपाय अपनाएं और समाज को इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण से जुड़े व्यावहारिक उपायों, पर्यावरणीय चुनौतियों और समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर समिति पदाधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा@ZAFAR-INN
