मुरादाबाद। जनपद की मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने विकास खण्ड छजलैट स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था, छात्राओं की उपस्थिति, परिसर की साफ-सफाई तथा छात्रावास की सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
निरीक्षण में विद्यालय में कार्यरत 03 फुलटाइम शिक्षिकाएं एवं 02 पार्ट टाइम शिक्षिकाएं उपस्थित मिलीं, जबकि प्रभारी वार्डन आकस्मिक अवकाश पर बताई गईं। अन्य समस्त स्टाफ उपस्थित पाया गया। सीडीओ ने कक्षाओं में अध्ययनरत छात्राओं से विभिन्न विषयों पर प्रश्नोत्तर कर उनकी शैक्षणिक स्थिति परखी और बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया।
एआरपी एवं केजीबीवी स्टाफ के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। शिक्षण प्रक्रिया को रुचिकर एवं प्रभावी बनाने के लिए टीएलएम (Teaching Learning Material) के अधिकतम प्रयोग के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय परिसर में अधिकाधिक पौधारोपण कर हरित वातावरण विकसित करने और छात्राओं की उपस्थिति बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास करने को कहा।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों को अनावश्यक अवकाश न दिया जाए, ताकि उनकी पढ़ाई बाधित न हो। उन्होंने केजीबीवी परिसर से सटे डायट कांठ परिसर में उगी घास-झाड़ियों व गंदगी की सफाई सुनिश्चित कराने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी, मुरादाबाद को आवश्यक निर्देश जारी किए।
विद्यालय परिसर में कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं के लिए निर्मित छात्रावास का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। इसके उपरांत शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित “हमारा आंगन-हमारे बच्चे” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए उन्होंने बालिकाओं के सर्वांगीण विकास पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी, छजलैट भी उपस्थित रहे। सीडीओ के इस औचक निरीक्षण से विद्यालय प्रशासन में सक्रियता देखी गई और शिक्षण गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
