मुरादाबाद। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशन में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह के नेतृत्व में डिलारी और इस्लामनगर क्षेत्र में आबकारी निरीक्षक व पुलिस टीम के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान क्षेत्र की देशी एवं अंग्रेजी शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। स्टॉक रजिस्टर, बिक्री अभिलेख, लाइसेंस की वैधता और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय और नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए तथा अवैध या ओवररेट बिक्री की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही पुलिस टीम ने संबंधित क्षेत्रों में पैदल गश्त कर आमजन में सुरक्षा का भरोसा जगाया। बाजारों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन चेकिंग की गई। वाहन चालकों के दस्तावेज, नंबर प्लेट और संदिग्ध गतिविधियों की विशेष रूप से जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब की बिक्री, तस्करी और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

पुलिस के इस सघन अभियान से क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा और आमजन ने इसे कानून-व्यवस्था के लिए सकारात्मक कदम बताया।
