मुरादाबाद। शासन की मंशा के अनुरूप मुरादाबाद परिक्षेत्र के उपमहानिरीक्षक जी मुनिराज एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान-5.0 के तहत मंगलवार को थाना मझोला स्थित मिशन शक्ति केंद्र पर एक पारिवारिक विवाद का सफल निस्तारण कराया गया।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन कुलदीप गुप्ता की देखरेख में थाना मझोला परिसर स्थित मिशन शक्ति केंद्र पर एक महिला द्वारा पारिवारिक विवाद से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों को मिशन शक्ति केंद्र पर बुलाया गया, जहां महिला मिशन शक्ति टीम द्वारा विस्तृत काउंसलिंग की गई।
काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों को शांतिपूर्वक अपनी-अपनी बात रखने का अवसर दिया गया। आपसी संवाद और समझाइश के बाद दोनों पक्ष एक-दूसरे की बात से सहमत हो गए। महिला आवेदिका ने अपने प्रार्थना पत्र पर किसी प्रकार की आगे की कानूनी कार्रवाई न किए जाने संबंधी लिखित सहमति भी प्रदान की।
काउंसलिंग सफल रहने पर दोनों पक्षों को सकुशल थाना मझोला से उनके आवास के लिए रुखसत कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं से जुड़े मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, जिससे पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान हो सके।
मिशन शक्ति केंद्र टीम, थाना मझोला
उ0नि0 दीपिका मलिक
व0उ0नि0 संजय कुमार
महिला हेड कांस्टेबल रीना शर्मा
पुलिस के इस प्रयास से एक परिवार टूटने से बच गया और मिशन शक्ति केंद्र की भूमिका एक बार फिर प्रभावी साबित हुई।
