अमरोहा/लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र 2026-27 में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दे जोर-शोर से उठे। मंडी धनौरा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राजीव तरारा ने सदन में क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांगों को प्रमुखता से रखते हुए अमरोहा जनपद और आसपास के इलाकों के लिए स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और किसान हित से जुड़े प्रस्तावों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
विधायक तरारा ने बजट का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बजट सर्वस्पर्शी और जनहितैषी है, जो प्रदेश के संतुलित और सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

गजरौला में ट्रॉमा सेंटर की प्रमुख मांग
दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-09 पर लगातार बढ़ते सड़क हादसों का जिक्र करते हुए विधायक ने गजरौला में अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर की स्थापना की मांग उठाई। उनका कहना था कि दुर्घटना की स्थिति में ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर उपचार की व्यवस्था होने से अनेक जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। इस मांग को लेकर स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।
अमरोहा में मेडिकल कॉलेज और पश्चिमी यूपी में एम्स की मांग
स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए विधायक ने अमरोहा में मेडिकल कॉलेज तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना की मांग भी सदन में रखी। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्रीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अवसर मिलेंगे और मरीजों को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
गंगा तटबंध और किसानों के लिए राहत
गंगा नदी के तटवर्ती खादर क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को उठाते हुए विधायक ने शेरपुर से दड़वड ठेठ तक लगभग 4.5 किमी और शेरपुर से चकनवाला तक करीब 9 किमी शेष तटबंध निर्माण के लिए बजट आवंटन की मांग की। उनका कहना था कि बाढ़ के दौरान किसानों और ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, जिसे तटबंध निर्माण से काफी हद तक रोका जा सकेगा।
तिगरी धाम में पक्के घाटों का प्रस्ताव
पौराणिक हस्तिनापुर सर्किट के अंतर्गत गंगा तट स्थित तिगरी धाम में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचते हैं। विधायक ने यहां पक्के घाटों के निर्माण की मांग करते हुए कहा कि इससे श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
अन्य प्रमुख मांगें
विधायक तरारा ने सदन में निम्नलिखित मांगें भी प्रमुखता से उठाईं :
- तहसील धनौरा में अधिवक्ताओं के लिए पक्के चेंबर का निर्माण
- गन्ना किसानों की उपज को चीनी मिल तक सुगमता से पहुंचाने हेतु बाईपास मार्ग
- बछरायूं नगर में संकरे मार्गों से निजात के लिए बाईपास
- धनौरा ब्लॉक में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना
- जाजरू गांव के तालाबों में अपशिष्ट एवं सड़े मांस डालने पर सख्त रोक
2017 के बाद हुए विकास कार्यों का उल्लेख
विधायक ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं लागू हुई हैं, जिनमें मार्गों का चौड़ीकरण, गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना और कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना प्रमुख हैं। साथ ही अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी। “किसान, युवा, व्यापारी, महिला और श्रमिक समेत हर वर्ग की समस्याओं का समाधान मेरी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से प्रगति कर रहा है और हम सभी चहुंमुखी विकास के लिए संकल्पबद्ध हैं,” उन्होंने कहा।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि विधायक राजीव तरारा लगातार विधानसभा में क्षेत्र की आवाज बुलंद करते रहे हैं और जनता को उम्मीद है कि इन मांगों पर शीघ्र ही ठोस निर्णय लिया जाएगा।
