भोजपुर। निर्माणाधीन मुरादाबाद–टिहरी राष्ट्रीय राजमार्ग 734 के कार्य को आगे बढ़ाने के लिए बुधवार को प्रशासन ने गांव सिरसवां दोराहा स्थित अब्दुल रहीम चिश्ती दरगाह के बरामदे को जेसीबी मशीन की मदद से हटवा दिया। यह हिस्सा राजमार्ग के निर्धारित दायरे में आ रहा था, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, संबंधित भूमि को राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण द्वारा पूर्व में अधिग्रहित किया जा चुका था और दरगाह व मस्जिद प्रबंधन समिति को नियमानुसार मुआवजा भी दिया गया था। मस्जिद का एक भाग पहले ही हटाया जा चुका था, जबकि बरामदा हटाने के लिए प्रबंधन समिति से कई बार अनुरोध किया गया था।

बताया गया कि बरामदे को न हटाने को लेकर कुछ संगठनों ने धरना-प्रदर्शन भी किया और धार्मिक आस्था का हवाला देते हुए प्रशासन से पुनर्विचार की मांग की थी। शहर के कुछ उलेमा ने भी अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी बात रखी थी। हालांकि, वैकल्पिक समाधान न निकलने पर प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्णय लिया।

बुधवार को की गई कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का विरोध नहीं हुआ। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भोजपुर, भगतपुर, कुंदरकी और डिलारी थानों की पुलिस के साथ पर्याप्त बल तैनात रहा। खुफिया एजेंसियों ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखी।

प्रशासन का कहना है कि राजमार्ग निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्राथमिकता है और विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अवरोधों को नियमानुसार हटाया जाएगा@ZAFAR-INN
