मुरादाबाद। शहर के सुनियोजित विस्तार और किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने ‘गोविंदपुरम आवासीय योजना (प्रथम चरण)’ का विधिवत शुभारंभ कर दिया है। मंडल आयुक्त आञ्जनेय सिंह द्वारा योजना की पंजीयन पुस्तिका और बुकिंग वेब लिंक लॉन्च किया गया।
यह योजना दिल्ली रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग 9 के मध्य ग्राम मनोहरपुर एवं मंगूपुरा की लगभग 27.1552 हेक्टेयर भूमि पर विकसित की जा रही है। करीब 580 करोड़ रुपये लागत की इस परियोजना को उ०प्र० रेरा में पंजीकरण संख्या UP RERA PRJ 667340/12/2025 (दिनांक 22.12.2025) प्राप्त है। आवासीय भूखंडों की दर ₹42,000 प्रति वर्गमीटर निर्धारित की गई है।
भूखंडों का विवरण
योजना में कुल 477 आवासीय भूखंड प्रस्तावित हैं—
टाइप-A (450 वर्गमीटर) – 25
टाइप-B (288 वर्गमीटर) – 44
टाइप-C (200 वर्गमीटर) – 76
टाइप-D (162 वर्गमीटर) – 241
टाइप-E (112.50 वर्गमीटर) – 91
इसके अतिरिक्त 15 मिश्रित भू-उपयोग और 32 व्यावसायिक भूखंड भी नियोजित हैं।
विशेष आकर्षण
योजना के मध्य लगभग 18,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में सेन्ट्रल पार्क विकसित होगा, जिसे प्रसिद्ध रेडियो खगोलशास्त्री गोविन्द स्वरूप के सम्मान में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। लखनऊ, प्रयागराज और गोरखपुर के बाद मुरादाबाद प्रदेश का चौथा नगर बनेगा जहां नक्षत्रशाला एवं विज्ञान पार्क की सुविधा होगी।
पर्यावरण संतुलन हेतु 18 पार्क, 1200 KLD का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और विद्युत सब-स्टेशन प्रस्तावित है। 9, 12, 18 व 24 मीटर चौड़ी सड़कें तथा समुचित सीवरेज व जल निकासी व्यवस्था योजना का हिस्सा होंगी।
सामुदायिक सुविधाएं
प्रथम चरण में 1 इंटर कॉलेज, 1 जूनियर हाईस्कूल, 3 नर्सरी स्कूल और सामुदायिक सुविधाओं हेतु भूखंड आरक्षित किए गए हैं।
पंजीकरण प्रक्रिया
अवधि: 18 फरवरी 2026 से 20 मार्च 2026
माध्यम: https://janhit.upda.in
वेबसाइट: www.mdamoradabad.up.gov.in
आवेदन शुल्क: ₹1,500 (GST सहित)
पंजीकरण धनराशि: सामान्य वर्ग 10%, आरक्षित वर्ग 5%
यह योजना मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नये शहर प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत विकसित की जा रही है, जो मुरादाबाद के पारदर्शी और सतत शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
