मुरादाबाद। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कुंवर आकाश सिंह, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मुरादाबाद ने थाना भगतपुर में समीक्षा बैठक की। इस दौरान उनके साथ क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।

बैठक में थाना प्रभारी राजीव शर्मा, चौकी इंचार्ज एवं हल्का इंचार्ज सहित अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ त्यौहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, गश्त, संवेदनशील स्थानों की निगरानी और अफवाहों पर नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि होलिका दहन स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इसके उपरांत अधिकारियों ने ग्राम पाडली बाजे में होलिका दहन स्थल का निरीक्षण किया। वहां सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
