मुरादाबाद। थाना मझोला क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का मामला प्रकाश में आया है। विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता महसर जहां पत्नी समीर अहमद, निवासी मियां कॉलोनी, थाना मझोला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी। आरोप है कि ससुराल वालों ने बाइक और पांच लाख रुपये की मांग रखी और मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
महिला का कहना है कि पति समीर अहमद, देवर, ननद और अन्य परिजनों ने मिलकर उस पर दबाव बनाया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, गाली-गलौज की गई और लगातार उत्पीड़न किया गया।
शिकायत में यह भी आरोप है कि पति ने तीन तलाक देने की धमकी दी, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई।
पीड़िता के अनुसार, लगातार हो रहे अत्याचार से तंग आकर उसने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना मझोला पुलिस ने पति सहित छह नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
