मुरादाबाद। नशे के बढ़ते कारोबार ने एक बार फिर शहर को झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक खौफनाक वीडियो ने यह साबित कर दिया है कि नशे का जाल अब गलियों से निकलकर सरेआम सड़कों तक फैल चुका है।
वायरल वीडियो में दो युवक खुलेआम एक-दूसरे को नशीला इंजेक्शन लगाते नजर आ रहे हैं। यह दृश्य न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि शहर के युवाओं के भविष्य को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करता है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो शहर के व्यस्त बुद्ध बाजार और मोहल्ला असलतपुरा क्षेत्र का है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कूड़े और कबाड़ के ढेर के पीछे छिपकर युवक इंजेक्शन का आदान-प्रदान कर रहे हैं। आसपास आम लोगों की आवाजाही जारी है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि नशे का यह खेल कितनी बेखौफी से चल रहा है।
वीडियो बना रही एक महिला को युवक ‘सिस्टर-सिस्टर’ कहकर संबोधित कर रहे हैं। महिला ने पूरी घटना को कैमरे में कैद करते हुए मुरादाबाद पुलिस से अपील की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में नशे के कारोबार पर तत्काल रोक लगाई जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के दृश्य बच्चों और किशोरों पर गहरा नकारात्मक प्रभाव डाल रहे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे जब ऐसे नजारे देखते हैं, तो समाज के भविष्य पर खतरा और गहरा हो जाता है।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर शहर के बीचों-बीच नशे का यह कारोबार किसकी सरपरस्ती में फल-फूल रहा है? क्या पुलिस और संबंधित विभाग इस पर लगाम कस पाएंगे, या यह जहर यूं ही युवाओं को निगलता रहेगा?
शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित इलाकों में विशेष अभियान चलाकर नशे के सौदागरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि मुरादाबाद की सड़कों से इस नशे के अंधेरे को हमेशा के लिए खत्म किया जा सके।
