मुरादाबाद। सदर कोतवाली क्षेत्र के व्यस्त बुद्ध बाजार स्थित न्यू क्लॉक मार्केट में शनिवार देर रात करीब 10:30–11 बजे एक कपड़े की दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग शिव शक्ति क्लॉथ हाउस (शॉप नंबर 24) में लगी, जो करीब 25 वर्ष पुरानी प्रतिष्ठित होलसेल दुकान बताई जा रही है। दुकान के स्वामी हरीश उर्फ सुमित उतरेजा हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाजार बंद होने के बाद दुकान की ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने अंदर रखे भारी मात्रा में कपड़े और रेडीमेड स्टॉक को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही स्थानीय दुकानदार मौके पर पहुंचे और पुलिस कंट्रोल रूम व दमकल विभाग को खबर दी गई।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग की गंभीरता को देखते हुए तीन फायर टेंडर लगाए और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय बाजार में भीड़ कम थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राथमिक अनुमान के अनुसार आग से करीब 70 से 80 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान में रखा कीमती कपड़ा और अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। पुलिस की शुरुआती जांच में आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट-सर्किट माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है।

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में रोष है। उन्होंने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाएं मजबूत करने, फायर सेफ्टी उपकरण अनिवार्य करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
