मुरादाबाद। नागफनी थाना क्षेत्र में मानपुर क्षेत्र विकास समिति के नाम पर कथित रूप से फर्जी ट्रस्ट बनाकर धोखाधड़ी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर समिति की संपत्ति और धनराशि पर अवैध कब्जा करने की साजिश रची। आरोप है कि फर्जी कागजात के आधार पर सोसाइटी रजिस्ट्रार कार्यालय में दस्तावेज प्रस्तुत कर स्वयं को वैध पदाधिकारी दर्शाने का प्रयास किया गया।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि जब इस कथित फर्जीवाड़े का विरोध किया गया तो आरोपियों ने अपने साथ अन्य लोगों को लेकर जानलेवा हमला करने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मामले में पूरन सिंह, विनोद कुमार, आकाश सिंह समेत कई लोगों को नामजद किया गया है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और दस्तावेजों की सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद समिति के सदस्यों में रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में इस प्रकार के फर्जीवाड़े की घटनाएं बढ़ सकती हैं। पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।
