इजरायल और अमेरिका ने ईरान के खिलाफ “प्रीवेंटीव अटैक” यानी एहतियाती सैन्य कार्रवाई शुरू करने का ऐलान किया है। शनिवार सुबह इजरायल के रक्षा मंत्री ने इस ऑपरेशन की पुष्टि की। इसके साथ ही इजरायली सेना ने पूरे देश में प्रोएक्टिव अलर्ट जारी कर सायरन बजाए, ताकि संभावित मिसाइल हमलों से पहले लोग सुरक्षित जगहों पर पहुंच सकें। सरकार ने नागरिकों से सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
इस बीच तेहरान में कई जोरदार धमाकों की खबर सामने आई है। स्थानीय मीडिया और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शहर के मध्य इलाके में पहले तीन धमाके सुने गए और उसके बाद दो और विस्फोटों की सूचना मिली। ईरान की सरकारी मीडिया ने उत्तरी तेहरान के सैय्यद खानदान इलाके में भी धमाकों की आशंका जताई है। हालांकि अब तक वहां के अधिकारियों ने हमले की आधिकारिक पुष्टि या नुकसान का पूरा विवरण जारी नहीं किया है।
बताया जा रहा है कि शुरुआती चरण में देश के करीब 30 ठिकानों को निशाना बनाया गया। इनमें खुफिया एजेंसियों की इमारतें, एयरपोर्ट, राष्ट्रपति भवन और कुछ रिहायशी इलाके भी शामिल बताए जा रहे हैं। हमले के बाद ईरान ने अपना एयरस्पेस भी बंद कर दिया है। इजरायल ने इस सैन्य अभियान को “शील्ड ऑफ जूदा” नाम दिया है।
