मुरादाबाद। सर्किट हाउस मुरादाबाद में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री एवं जनपद मुरादाबाद के प्रभारी मंत्री अनिल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक में कुंदरकी से भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने सक्रिय सहभागिता करते हुए क्षेत्रीय विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक के दौरान विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कुंदरकी क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और आधारभूत सुविधाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुँचना सुनिश्चित किया जाए।

विधायक ने विशेष रूप से सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा से जुड़े कार्यों की गुणवत्ता पर जोर देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि जनहित, सुशासन और विकास भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कुंदरकी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनका संकल्प है।

बैठक में जनपद के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे और विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। प्रभारी मंत्री अनिल कुमार ने अधिकारियों को योजनाओं की गति तेज करने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
