मुरादाबाद। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) द्वारा नया मुरादाबाद सेक्टर-2 में लोहे के वेस्ट स्क्रैप से तैयार ‘सेवन वंडर्स पार्क’ का भव्य उद्घाटन किया गया। यह पार्क शहरवासियों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनकर उभरा है, जहां देश-विदेश की प्रसिद्ध ऐतिहासिक इमारतों की खूबसूरत प्रतिकृतियां स्थापित की गई हैं।
पार्क में विश्व की प्रसिद्ध धरोहरों जैसे ताजमहल, ग्रेट वॉल ऑफ चाइना, गीज़ा के पिरामिड, एफिल टॉवर, रोमन कोलोसियम, क्राइस्ट द रिडीमर, माचू पिच्चू, लाल किला और कोणार्क सूर्य मंदिर की आकर्षक प्रतिकृतियां देखने को मिलती हैं। खास बात यह है कि इन सभी संरचनाओं को लोहे के कबाड़ (वेस्ट स्क्रैप) से तैयार किया गया है, जिससे ‘कचरे से कंचन’ की अवधारणा को साकार रूप मिला है।

उद्घाटन अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री एवं जनपद मुरादाबाद के प्रभारी मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की यह पहल बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस तरह की रचनात्मक परियोजनाएं न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाती हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) के प्रति जागरूकता भी बढ़ाती हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह पार्क बच्चों, युवाओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा और यहां आकर लोगों को एक अलग अनुभव मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह की नवाचारी योजनाएं लागू की जाएंगी, जिससे मुरादाबाद का समग्र विकास हो सके।

स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि शहर को एक नया पर्यटन स्थल मिला है, जहां परिवार के साथ समय बिताने और विश्व धरोहरों की झलक एक ही स्थान पर देखने का अवसर मिलेगा।
