मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के एक मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई प्रॉपर्टी डीलर विकास मेहरा की पत्नी सुचिता मेहरा की शिकायत पर की गई।
रामगंगा विहार फेस-1 निवासी विकास मेहरा प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं। उनकी पत्नी सुचिता मेहरा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नवंबर 2025 में प्रॉपर्टी डीलिंग के सिलसिले में विकास मेहरा की मुलाकात चक्कर की मिलक निवासी शीबा उर्फ सानिया से हुई थी। आरोप है कि महिला ने बड़ी प्रॉपर्टी डील कराने का भरोसा दिलाकर पहले 20 हजार रुपये लिए और धीरे-धीरे जान-पहचान बढ़ाई। शिकायत के अनुसार, 24 फरवरी को महिला ने प्रॉपर्टी दिखाने के बहाने विकास मेहरा को जिगर कॉलोनी बुलाया और फिर चक्कर की मिलक स्थित एक मकान में ले गई। वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की, जबरन कपड़े उतरवाए और महिला के साथ आपत्तिजनक वीडियो बना ली। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर तीन लाख रुपये की मांग की गई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर शीबा उर्फ सानिया, निशा, मुस्कान, अरमान उर्फ अमान, जावेद और वसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
