मुरादाबाद। कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह द्वारा कैंप कार्यालय, महर्षि दयानंद लॉ कॉलेज भदासना के सामने स्थित अलादीन हवेली फैमिली ढाबा में दावत-ए-इफ्तार (रोजा इफ्तार पार्टी) का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों क्षेत्रवासियों ने सहभागिता कर आपसी भाईचारे और सौहार्द का परिचय दिया।

इफ्तार के दौरान सभी लोग एक साथ बैठकर रोजा खोला। खजूर, फल, पकौड़े और शरबत सहित कई पारंपरिक व्यंजन परोसे गए। पूरे कार्यक्रम में सौहार्दपूर्ण और आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि पाक रमजान धैर्य, त्याग और आत्मसंयम का महीना है, जो हमें जरूरतमंदों की मदद करने और समाज में प्रेम व सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि त्योहार लोगों को जोड़ने का कार्य करते हैं और समाज को एकता के सूत्र में पिरोते हैं। धार्मिक मान्यताओं के साथ-साथ इनका सामाजिक महत्व भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक सौलत अली, प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा उत्तर प्रदेश कुंवर बासित अली, कुंदरकी चेयरमैन मेहंदी हसन, कुंदरकी ब्लॉक प्रमुख गुलाम जिलानी, मुंढापांडे ब्लॉक प्रमुख नवदीप यादव, दूल्हा लम्बरदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अंत में विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने सभी क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं।
