मुरादाबाद। थाना नागफनी क्षेत्र में 27 फरवरी की शाम बेकरी संचालक की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार 27 फरवरी 2026 को शाम करीब 7:30 बजे बंगला गांव चौराहे के पास जिगर कॉलोनी निवासी मौ. असद पुत्र अब्दुल हमीद को उनके साले जफर द्वारा तमंचे से गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल असद को तत्काल जिला अस्पताल, मुरादाबाद में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के संबंध में मजाहिर हुसैन उर्फ डेनियल की तहरीर के आधार पर थाना नागफनी में मुकदमा संख्या 34/2026 धारा 61(2), 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत जफर हुसैन, सैफुल जफर, हुसैन, आलमगीर, मौ. फैजान समेत अन्य अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर कुमाररणविजय सिंह एवं क्षेत्राधिकारी कोतवाली सुनीता दहिया के नेतृत्व में गठित टीम ने दो अभियुक्तों — आलमगीर पुत्र बली मोहम्मद निवासी मकबरा प्रथम, थाना कटघर तथा मौ. फैजान पुत्र मौ. इस्लाम निवासी मोहल्ला कानून गोयान, थाना मुगलपुरा — को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही शेष अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सनुज कुमार, उपनिरीक्षक सलाउद्दीन, उपनिरीक्षक मोहित शर्मा एवं कांस्टेबल विपिन कुमार शामिल रहे।
