मुरादाबाद। थाना मैनाठेर क्षेत्र के ग्राम बघी गोवर्धनपुर के जंगल में स्थित सूखे कुएं से बरामद युवती के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 27 फरवरी 2026 की है, जब करीब 15 फीट गहरे सूखे कुएं में 20-22 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिला था। सूचना पर पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से पहचान के प्रयास के बाद मृतका की शिनाख्त शाबरीन उर्फ समरीन (21) निवासी ग्राम कमालपुर काफूरपुर, थाना असमौली जनपद सम्भल के रूप में हुई।
मृतका के पिता की तहरीर पर थाना मैनाठेर में मु0अ0सं0 50/26, धारा 103(1), 238/61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हासिम (24) निवासी मौहल्ला चौधरियान, कस्बा सिरसी, थाना हजरतनगर गढ़ी जनपद सम्भल सहित अजीम बाबा (27) और आदिल (25) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में मुख्य आरोपी हासिम ने स्वीकार किया कि मृतका उसकी सगी साली थी और दोनों के बीच संबंध थे। मृतका द्वारा विवाह का दबाव बनाए जाने से वह तनाव में था। 26/27 फरवरी की रात उसने अपने साथियों के साथ मिलकर युवती को मिलने के लिए बुलाया। नहर पटरी के पास विवाद के दौरान उसने दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को सूखे कुएं में फेंक दिया।
अभियुक्तों की निशानदेही पर मृतका के तीन सूट, एक बुर्का, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, सफेद धातु के आभूषण (पायल, हथफूल, हार, कुंडल, बिछिया आदि) तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मोबाइल फोन की तलाश जारी है।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक किरनपाल सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई जारी है और मामले की अन्य कड़ियों की भी जांच की जा रही है।
