मुरादाबाद। शहर में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने एक बार फिर सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। कटघर थाना क्षेत्र के मछुआपुरा मोहल्ले में दैनिक अखबार के संपादक कामेश ठाकुर के घर पर दबंगों ने ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दी। घटना के समय संपादक का पूरा परिवार घर के अंदर मौजूद था। अचानक हुई फायरिंग से परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि इस हमले में संपादक और उनका परिवार बाल-बाल बच गया।
बताया जा रहा है कि देर रात कुछ दबंग हथियारों के साथ संपादक के घर के बाहर पहुंचे और अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की, जिससे आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। घनी आबादी वाले क्षेत्र में हुई इस घटना से मोहल्ले के लोग भी सहम गए और कई परिवार अपने घरों से बाहर निकल आए।

फायरिंग की पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में हमलावरों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं। घटना के बाद से संपादक का परिवार दहशत में है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि इस तरह खुलेआम फायरिंग होना पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ले लिया है।
अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही मऊ में पत्रकार अंशुल चौहान पर भी जानलेवा हमला हुआ था। लगातार पत्रकारों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इस घटना के बाद स्थानीय पत्रकारों और सामाजिक संगठनों में भी रोष देखा जा रहा है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठने लगी है।
पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।
