मुरादाबाद। जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के बिजना गांव में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच जमकर पथराव और लाठी-डंडे चले, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि गांव बिजना में बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। बच्चों के झगड़े की बात जब दोनों पक्षों के परिजनों तक पहुंची तो मामला बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर को निशाना बनाते हुए जमकर पथराव किया और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
इस दौरान अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। हमले के बीच बुजुर्ग महिला लक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सूचना मिलते ही भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चों के विवाद के बाद दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था, जिसमें पथराव और मारपीट की घटना सामने आई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
