मुरादाबाद। शहर के मझोला थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक मकान में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखी नकदी समेत सोने-चांदी के कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मझोला थाना क्षेत्र के सेक्टर-14, नया मुरादाबाद निवासी राकेश माथुर (55 वर्ष) पुत्र ब्रजनंदन स्वरूप के घर को चोरों ने निशाना बनाया। पीड़ित के मुताबिक, चोर घर में दाखिल होकर सीधे कमरे में रखी अलमारी तक पहुंचे और उसका ताला तोड़कर करीब 50 हजार रुपये की नकदी तथा सोने-चांदी के कई आभूषण चोरी कर ले गए।
बताया गया कि चोर अलमारी से सोने की दो अंगूठियां, 10 ग्राम और 8 ग्राम के सोने के सिक्के, सोने की चेन, मंगलसूत्र, दो जोड़ी टॉप्स, चांदी की चेन, बिछुए, छह चांदी के सिक्के और चार चांदी के नोट सहित अन्य सामान ले उड़े। इसके अलावा घर में रखे सूटकेस और अन्य दराजों के ताले भी तोड़ दिए गए। सूटकेस में रखी चांदी की पायल, नोजपिन, कड़े और करीब 12,500 रुपये नकद भी चोरी हो गए।
सुबह जब परिवार के लोगों की नजर टूटी अलमारी और बिखरे सामान पर पड़ी तो घर में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।
