मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। बुद्धि विहार स्थित आर्यन स्कूल के पास एक इंजीनियर युवक ने अपनी ही मां और इंजीनियर बहन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। भाई बहन दोनों जुड़वा बताए जाते हैं। आरोपी भाई गूगल और बहन विप्रो में इंजीनियर है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका हिमशिखा और उसका भाई हार्दिक होली की छुट्टियां मनाने के लिए गुड़गांव से घर आए हुए थे। बताया जा रहा है कि मां नीलिमा शर्मा और बहन हिमशिखा के साथ जॉब पर वापस लौटने को लेकर घर में किसी बात पर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हार्दिक ने गुस्से में आकर धारदार हथियार से मां और बहन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में हिमशिखा गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ी, जबकि मां नीलिमा शर्मा भी बुरी तरह जख्मी हो गईं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक कार लेकर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मां-बेटी को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने हिमा शिखा को मृत घोषित कर दिया, जबकि नीलिमा शर्मा का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन कर दिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी युवक की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
