मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव बिजना में होली के दिन हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त दो लाठियां भी बरामद कर उन्हें सीज कर दिया। बाद में आरोपियों का चालान कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि होली के दिन गांव बिजना में रामकिशोर और जागन के बच्चों के बीच कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठियां चलने लगीं। इस मारपीट में लक्ष्मी देवी, रामकिशोर और किरन गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने मृतका लक्ष्मी देवी के बेटे मुकुट सिंह की तहरीर पर राजीव पुत्र जागन सिंह, जागन और रिंकू पुत्र जागन के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया था। घायल लक्ष्मी देवी की उपचार के दौरान मौत हो जाने के बाद पुलिस ने मामले को गैर इरादतन हत्या की धारा में तरमीम कर दिया।
इस मामले में जांच के दौरान मुनीश का नाम भी प्रकाश में आया। इसके बाद शुक्रवार को थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार और उपनिरीक्षक विपिन कुमार ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी राजीव तथा जांच में सामने आए मुनीश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त दो लाठियां बरामद कर उन्हें सीज कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मामले के विवेचक संजय कुमार ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी मुकदमे में शामिल कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
