मुरादाबाद। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में विभिन्न प्रकार की शिकायतें लेकर पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं एसपी ग्रामीण के समक्ष रखीं, जिन पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों व अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्या लेकर अनावश्यक रूप से पुलिस कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि यदि किसी शिकायत का समाधान थाना स्तर पर ही संभव है तो उसे वहीं पर तय समय सीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित किया जाए।

एसपी ग्रामीण ने यह भी निर्देश दिए कि थानों में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से दर्ज कर उसका निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनसुनवाई के दौरान कई फरियादियों की समस्याओं पर मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिससे पीड़ितों को राहत मिली। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ है।
